छत्तीसगढ़:दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड में भारी बारिश से ट्रैक धंसने के कारण ट्रेन परिचालन प्रभावित

छत्तीसगढ़:दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड में भारी बारिश से ट्रैक धंसने के कारण ट्रेन परिचालन प्रभावित

छत्तीसगढ़:दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड में भारी बारिश से ट्रैक धंसने के कारण ट्रेन परिचालन प्रभावित
Modified Date: September 26, 2026 / 07:06 pm IST
Published Date: September 26, 2026 7:06 pm IST

रायपुर, 26 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड में भारी बारिश के कारण लताबोड़ और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच जलभराव तथा रेलवे ट्रैक धंसने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर ट्रेनपरिचालन में अस्थायी बदलाव किए गए।

दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर संभाग के अंतर्गत आता है।

अधिकारी ने बताया कि रायपुर के संभागीय रेलवे प्रबंधक दयानंद ने सुरक्षा अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों के साथ प्रभावित स्थल का दौरा किया एवं स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि रेलमार्ग को ठीक करने के लिए इंजीनियरिंग विभाग के एक तकनीकी दल को लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 78816, अंतागढ़-रायपुर, दल्लीराजहरा और रायपुर के बीच रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन संख्या 78815, रायपुर-अंतागढ़, को 26 सितंबर को रद्द कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि ट्रेन संख्या 68765, ताड़ोकी-रायपुर, और 68764, रायपुर-ताड़ोकी, को भी 26 सितंबर को रद्द कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और प्रभावित खंड में ट्रैक की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यकतानुसार परिचालन संबंधी निर्णय लिये जाएंगे।

पिछले दो-तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, सड़क संपर्क बाधित हुआ है और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है तथा राहत एवं बचाव दलों से जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा है।

भाषा संजीव राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में