दंतेवाड़ा नक्सली हमला: मुख्यमंत्री बघेल ने ली उच्च स्तरीय बैठक
दंतेवाड़ा नक्सली हमला: मुख्यमंत्री बघेल ने ली उच्च स्तरीय बैठक
रायपुर, 26 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को दंतेवाड़ा जिले में हुए नक्सली हमले के बाद उच्च स्तरीय बैठक करके स्थिति की समीक्षा की। राज्य जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने आज दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में हुए नक्सली हमले के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक ली और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल तथा गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू नक्सली हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने बृहस्पतिवार को दंतेवाड़ा जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस आपातकालीन बैठक में गृह मंत्री साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव अंकित आनंद और पुलिस महानिरीक्षक (गुप्तवार्ता) अजय यादव मौजूद थे।
नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बुधवार को नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों को ले जा रहे वाहनों के काफिले में शामिल एक वाहन को विस्फोट से उड़ा दिया। इस घटना में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए तथा एक वाहन चालक की मौत हो गई।
राज्य में पिछले दो वर्षों में सुरक्षा बलों पर माओवादियों का यह सबसे बड़ा हमला है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नक्सल विरोधी अभियान में शामिल होने के बाद दस जवान एक मल्टी यूटिलिटी व्हीकल से दंतेवाड़ा लौट रहे थे। जब वे अरनपुर और समेली गांव के बीच थे, तभी नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवानों और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर दुख जताया है और कहा है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अपने अंतिम चरण में है और नक्सलियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बघेल ने कहा है कि हम समन्वित तरीके से काम करेंगे और नक्सलवाद को खत्म करेंगे।
बघेल को चुनाव प्रचार के लिए आज शाम कर्नाटक के लिए रवाना होना था, लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बारूदी सुरंग विस्फोट में जवानों की शहादत पर दुख जताया है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
भाषा संजीव संजीव वैभव
वैभव

Facebook


