बाढ़ प्रभावित सुकमा और बस्तर में आठ लोगों की मौत, 571 गांव प्रभावित: मुख्यमंत्री साय
बाढ़ प्रभावित सुकमा और बस्तर में आठ लोगों की मौत, 571 गांव प्रभावित: मुख्यमंत्री साय
सुकमा/जगदलपुर, 29 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को बताया कि पिछले सप्ताह राज्य के कई हिस्सों, खासकर बस्तर क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों में आठ लोगों की मौत हो गई और करीब 16 हजार लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
साय ने सुकमा और बस्तर जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने तथा राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात करने के बाद बताया कि बाढ़ से 571 गांवों के 22,377 लोग प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘पिछले सप्ताह तीन-चार दिनों तक लगातार बारिश हुई, जिससे कई जिले प्रभावित हुए। आज (सोमवार को) मैंने सुकमा व बस्तर का दौरा किया और राहत शिविरों में प्रभावित लोगों से मुलाकात की।’’
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के रहने के लिए 173 राहत शिविर बनाए गए हैं और अब तक करीब 16 हजार लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
साय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हुई है जबकि 172 मवेशियों की भी जान गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का सर्वेक्षण किया जा रहा है।
साय ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 199 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि करीब 11 हजार मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 1.20 लाख रुपये का मुआवजा देगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को राहत शिविरों में कुछ प्रभावित लोगों को मुआवजे के चेक भी वितरित किए गए। साय ने कहा कि जिन लोगों के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी ‘राजस्व पुस्तक परिपत्र’ के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
इसके अलावा, क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
साय ने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद कृषि विभाग फसल के नुकसान का आकलन करेगा।
भाषा संजीव रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


