रायपुर हवाई अड्डे पर मरम्मत कार्य के दौरान गिरने से इलेक्ट्रीशियन की मौत

रायपुर हवाई अड्डे पर मरम्मत कार्य के दौरान गिरने से इलेक्ट्रीशियन की मौत

रायपुर हवाई अड्डे पर मरम्मत कार्य के दौरान गिरने से इलेक्ट्रीशियन की मौत
Modified Date: May 21, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: May 21, 2026 4:38 pm IST

रायपुर, 21 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार को ‘फॉल्स सीलिंग’ के नीचे लाइट की मरम्मत के दौरान गिरने से एक इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुई।

हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण अचानक चक्कर आने और बेहोश होने के बाद इलेक्ट्रीशियन नीचे गिर गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान कुबेर चंद साहू (28) के रूप में हुई है। वह हवाई अड्डे की पहली मंजिल पर बोर्डिंग गेट संख्या सात और आठ के पास ‘फॉल्स सीलिंग’ के नीचे लाइट की मरम्मत कर रहा था, तभी वह करीब 30 फुट की ऊंचाई से गिर गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहू के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे हवाई अड्डे की एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

रायपुर हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा होल्ड क्षेत्र (एसएचए) की पहली मंजिल पर मरम्मत कार्य के दौरान संविदा पर कार्यरत विद्युत कर्मी साहू को अत्यधिक गर्मी के कारण अचानक चक्कर आया और वह बेहोश हो गया, जिसके बाद वह ‘फॉल्स सीलिंग’ की ऊंचाई से नीचे गिर गया।

बयान में कहा गया कि हवाई अड्डा प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल कर्मी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हवाई अड्डा प्रबंधन द्वारा निकटतम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राधिकरण ने कहा कि घटना की सूचना पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बयान के अनुसार, हवाई अड्डा प्रबंधन घटना के कारणों की जांच कर रहा है। संबंधित ठेका एजेंसी के समन्वय से मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, साहू पिछले पांच-छह महीनों से ठेका एजेंसी के तहत हवाई अड्डे पर इलेक्ट्रीशियन (बिजली मिस्त्री) के रूप में कार्यरत था।

भाषा

संजीव रवि कांत रवि कांत


लेखक के बारे में