बलरामपुर (उप्र), 10 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के एक पेट्रोल पंप पर बहस के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे ने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, उसका पता लगाने और गिरफ्तार करने के लिए दो टीम बनाई गई हैं।
बताया जा रहा है कि 41 सेकंड का यह वीडियो कथित तौर पर नाहर बालागंज इलाके के एक पेट्रोल पंप का है, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ईंधन भरवाने के दौरान किसी मुद्दे पर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ बहस करता दिख रहा है। झगड़े के दौरान उस व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
वीडियो पेट्रोल पंप पर मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर जोहेब
जोहेब