बलरामपुर में 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे व्यक्ति को पुलिस ने सुरक्षित निकाला

Ads

बलरामपुर में 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे व्यक्ति को पुलिस ने सुरक्षित निकाला

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 04:34 PM IST

बलरामपुर, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के सादुल्ला नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने साहसिक अभियान चलाकर करीब 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उतरौला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात सूचना मिली कि सादुल्ला नगर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी रामविलास (35) अपने पुराने और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मिट्टी के मकान के भीतर किसी जंगली जानवर द्वारा बनाई गई करीब 20 फुट गहरी सुरंगनुमा गुफा में फंस गया है।

उन्होंने बताया कि वहां कभी भी भारी मलबा गिरने की आशंका के कारण स्थिति अत्यंत गंभीर थी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने बिना देर किए संकरी सुरंग में प्रवेश कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

सीओ ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने अत्यधिक सावधानी और सूझबूझ से मिट्टी तथा मलबा हटाते हुए रामविलास को गंभीर अवस्था में सुरंग से बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार के तहत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) दिया गया। इसके बाद सरकारी एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सादुल्ला नगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।

कुमार ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार समय पर किए गए बचाव अभियान और सीपीआर मिलने के कारण व्यक्ति की हालत अब स्थिर है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत