रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्य घर में मृत मिले

Ads

रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्य घर में मृत मिले

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 09:18 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 09:18 AM IST

रायपुर, 18 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक घर में दंपति, उनकी दो नाबालिग बेटियां और एक बेटा मृत मिले। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात संजय नगर इलाके की है जहां ये सभी किराए के मकान में रहते थे।

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान साजिद अली उर्फ ​​सज्जू (50), उनकी पत्नी रबिया बानो (45), बेटे इरशाद अली (20) और बेटियों शाहिदा बेगम (15) तथा इरशबा परवीन (12) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि साजिद ने अपने परिवार के सदस्यों को जहर दिया था और उसके बाद फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। हालांकि मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद होगी।

अधिकारी ने बताया कि परिवार को बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब न मिलने व बंद घर से दुर्गंध आने के बाद मकान मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और साजिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी, बेटे और बेटियों के शव फर्श पर पड़े थे।

यह परिवार पिछले आठ माह से यहां किराए पर रह रहा था। अधिकारी ने बताया कि साजिद पुरानी बैटरियों को खरीदने और बेचने का व्यवसाय करता था।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, परिवार को आखिरी बार बृहस्पतिवार शाम देखा गया था और शुक्रवार को पूरे दिन कमरा बंद रहा, जिसके कारण घर के एक अन्य किराएदार ने मकान मालिक से संपर्क किया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और एक फॉरेंसिक टीम ने शुक्रवार देर रात मौका मुआयना किया, जिसके बाद जांच के लिए घर को सील कर दिया गया।

भाषा खारी वैभव

वैभव