सक्ती। Sakti News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग युवती आत्मानंद स्कूल के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब आधे घंटे तक युवती टावर पर ही रही। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
Sakti News: बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के बाहर चले जाने से नाराज थी। प्रेमी को वापस बुलाने की मांग को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती से बातचीत शुरू की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाइश दी। पुलिस ने लगातार बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने के बाद युवती पुलिस की बात मान गई और सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आई।
युवती के सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने उसे समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई है।