गौ सेवक की हत्या मामले में सरकार एनआईए जांच की सिफारिश करेगी : विष्णु देव साय

गौ सेवक की हत्या मामले में सरकार एनआईए जांच की सिफारिश करेगी : विष्णु देव साय

गौ सेवक की हत्या मामले में सरकार एनआईए जांच की सिफारिश करेगी : विष्णु देव साय
Modified Date: February 28, 2024 / 09:35 pm IST
Published Date: February 28, 2024 9:35 pm IST

रायपुर, 22 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को कहा कि सरकार पिछले महीने राज्य के कबीरधाम जिले में एक गौ सेवक की हत्या की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराने की सिफारिश करेगी।

राज्य के कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा शहर के बाहरी इलाके में इस वर्ष 20 जनवरी को कथित तौर पर छह मुस्लिम लोगों ने गौशाला कार्यकर्ता साधराम यादव (48) की हत्या कर दी थी। यादव की हत्या तब की गई थी जब वह साइकिल से अपने नजदीकी गांव लालपुर जा रहे थे।

बाद में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराएं भी शामिल की है।

राज्य के मुख्यमंत्री साय ने आज संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘पिछले दिनों साधराम यादव की निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी गई। लोगों की उससे कोई दुश्मनी नहीं थी लेकिन उन लोगों ने गला रेतकर उनकी हत्या की। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। आज उनके परिजन न्याय मांगने के लिए हमारे पास आए थे। इस मामले के जो भी आरोपी हैं उनकी गिरफ्तारी हो गई है। लेकिन जिस निर्दयता के साथ उनकी हत्या हुई है उसे देखते हुए परिजनों की मांग है कि उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।’’

साय ने कहा, ‘‘हम इसकी जांच एनआईए को सौंपेंगे जिससे इस घटना की बारीकी से जांच हो। यदि इसमें किसी तरह की और कोई बात हो तो वह भी सामने आए। जिस तरह से बगैर दुश्मनी के नृशंस तरीके से हत्या की गई है, इससे हमें लगता है कि यह किसी व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि यह विचारधारा की हत्या है। इसकी बारीकी से जांच होनी चाहिए जिससे इसकी पूर्णावृति ना हो। इसलिए एनआईए को सिफारिश करेंगे कि इसकी जांच वह करें।’’

भाषा संजीव गोला

गोला


लेखक के बारे में