Reported By: Amitabh Bhattacharya
,Pakhanjur wedding card controversy/Image Source: Generated by AI
पखांजूर: Pakhanjur News: कांकेर जिले के पखांजूर के एक गांव में शादी के निमंत्रण को लेकर हुई एक चूक ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के मुखिया की नाराज़गी इस कदर बढ़ गई कि बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के परिवार के साथ जमकर मारपीट कर दी गई।
जानकारी के अनुसार पीवी-111 के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बितीका मल्लिक के घर में उनके बेटे की शादी तय हुई थी। बेटे द्वारा गांव में शादी और सगाई का निमंत्रण एक ही कार्ड में दिया गया था। इसी बात को लेकर गांव के मुखिया खुदीराम भक्त नाराज़ हो गए। मुखिया का कहना था कि सगाई का निमंत्रण अलग से दिया जाना चाहिए था। इस विवाद को लेकर बीती रात गांव में एक बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान चर्चा चल ही रही थी कि मुखिया पक्ष के कुछ लोगों ने अचानक बितीका मल्लिक के बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी जमकर पिटाई की गई।
Pakhanjur News: बताया जा रहा है कि करीब 10 लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों, लात-घूंसे से पूरे परिवार पर हमला किया। इस हमले में बेटे की आंख में गंभीर चोट आई है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बितीका मल्लिक भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए बांदे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।