रायपुर, 19 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के 23 जिलों में 31 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को सभी लाभान्वितों तक पहुंचाने के लिये ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ (सुंदर छत्तीसगढ़) अभियान शुरू करने जा रही है। अधिकारियों शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक पात्र परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान राज्य के 23 जिलों में 31 प्रमुख योजनाओं को सभी पात्र लाभान्वितों तक पहुंचाने का व्यापक कार्यक्रम होगा ।
साय ने कहा, ”राज्य सरकार की प्राथमिकता ऐसी शासन व्यवस्था स्थापित करना है, जिसमें नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े, बल्कि शासन स्वयं पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और उन्हें योजनाओं से जोड़े। ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ इसी सोच का विस्तार है।”
उन्होंने बताया कि यह अभियान रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के 23 जिलों में संचालित होगा और ग्रामीण परिवारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेगा।
योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ नागरिक-केंद्रित सुशासन की एक व्यापक पहल है। इसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक विकास, सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के अवसरों की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।
भाषा संजीव मनीषा रंजन
रंजन