रायपुर, सात अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा है कि खाद की जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मंगलवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में नेताम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद की जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा गड़बड़ी करने वाले सीधे जेल भी भेजे जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि पश्चिमी एशिया संकट के कारण रासायनिक उर्वरकों की कमी की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार पूरी तरह सजग है तथा खाद की कमी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि साथ ही किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
नेताम ने कहा कि आने वाले समय में आपूर्ति और बेहतर होगी, इसलिए किसानों को किसी भी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खरीफ 2026 की तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पिछले वर्ष डीएपी की आपूर्ति में आई बाधाओं को देखते हुए इस बार एनपीके, एसएसपी और अन्य वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
भाषा संजीव राजकुमार
राजकुमार