छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन बालिकाओं की मौत

Ads

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन बालिकाओं की मौत

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 11:55 AM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 11:55 AM IST

कोरबा, 18 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन लड़कियों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नुनेरा गांव में तालाब में डूबने से तीन लड़कियों की मौत हो गयी जिनकी पहचान इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) तौर पर की गयी है।

उन्होंने बताया कि तीनों लड़कियां बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10:30 बजे नहाने के लिए गांव के तालाब में गई थीं और जब देर तक बच्चे वापस नहीं लौटे तब परिजनों ने उनकी खोज शुरू की।

उन्होंने बताया कि बाद में जब परिजन और ग्रामीण तालाब के करीब पहुंचे तब वहां उन्हें तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले, बाद में तालाब में इंदु का शव भी दिखाई दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जब ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की तब कुछ देर बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव रंजन

रंजन