Reported By: Saurabh Dubey
,Achanakmar Tiger Reserve | Photo Credit: IBC24
लोरमी: Achanakmar Tiger Reserve छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े टाइगर रिज़र्व में शामिल लोरमी के अचानकमार टाइगर रिज़र्व से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। जहां निजी वाहन में 4 हथियारबंद युवकों ने ना सिर्फ कोर एरिया में हथियार के साथ प्रवेश किया बल्कि वहां फायरिंग करते हुए वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया है।
Achanakmar Tiger Reserve वीडियो के वायरल होते ही सब तरफ हड़कंप मच गया है। वीडियो में आप देख पा रहे होंगे कि किस तरह से युवक हथियारों से फायरिंग करते हुए नजर आ रहे है। घटना के बाद से वन्यजीव प्रेमियों में भारी आक्रोश है।वहीं वन विभाग ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अजीत दास, अनिकेत मौर्य और विक्रांत वैष्णव है। इनके पास से 2 एयर राइफल और एक टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।वहीं इस मामले में एक बैरियर गार्ड को हटाया गया है। जबकि एक रेंजर को महज नोटिस थमाया गया है। पूरे मामले में अचानकमार टाइगर रिज़र्व प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में है। सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि हथियारबंद युवक एटीआर के कोर एरिया में आखिर हथियारों के साथ दाखिल कैसे हो गए। इनकी जांच क्यों नहीं की गई।क्या टाइगर रिज़र्व की सुरक्षा भगवान भरोसे है। जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले पर मीडिया से दूरी बनाए हुए है।