छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गौवंश की हत्या और मांस बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गौवंश की हत्या और मांस बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
बिलासपुर, तीन अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने एक गौ वंश की हत्या और मांस बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनसे 35 किलोग्राम से अधिक मांस बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक गौवंश की हत्या और मांस बेचने के आरोप में पुलिस ने राकेश अनंत (36) और राहुल अनंत (23) को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को कोटा थाने में मुखबिर से जानकारी मिली थी कि क्षेत्र के दर्रीकापा गांव के निवासी राहुल अनंत और राकेश अनंत अपने मकान में अवैध रूप से गौवंश का वध करके उसका मांस बेच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोटा थाना क्षेत्र की पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलो ग्राम गोमांस टुकड़ा और हड्डी, घटना में प्रयुक्त खुरपा, चमड़ी काटने का हथियार, दो कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
भाषा सं संजीव अमित
अमित

Facebook


