उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी के दर्शन किए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी के दर्शन किए
बलरामपुर (उप्र), 22 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुप्त नवरात्र के दौरान बुधवार सुबह तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
आदित्यनाथ ने मां की आरती की और सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री को देखकर बच्चे उनके पास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे।
उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। बुधवार सुबह दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मुख्यमंत्री ने बलरामपुर सदर के विधायक पलटू राम, तुलसीपुर के विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा जिले में जारी विकास कार्यों की जानकारी ली।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव के लिए पहले से आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
भाषा सं जफर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


