बलरामपुर, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलरामपुर की जिला एवं सत्र अदालत ने एक छात्रा की हत्या करने के बाद उसके शव को कंधे पर लादकर पूरे गांव में घूमने के आरोपी एक युवक को मंगलवार को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनायी है।
जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप सिंह ने बताया कि देहात थाना क्षेत्र के समदा गांव में 14 दिसंबर 2024 को स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा की उसी के गांव के रहने वाले धर्मपाल चौहान (19) ने छुरी से गला काटकर हत्या कर दी और शव को अपने कंधे पर रख कर गांव में घूमने लगा। स्कूल जा रही बच्चियां इस वीभत्स दृश्य को देख कर काफी डर गईं। इसके बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गयी।
उन्होंने बताया कि मृतका के भाई हरीश चौहान ने देहात थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी धर्मपाल चौहान को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने उस पर दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत