भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के अंतागढ में मेटा बोदेली माइंस का संचालन कर रही निक्को कंपनी ने स्थानीय लोगों के द्वारा जबरन परेशान करने का आरोप लगाते हुए अब माइंस का काम बंद करने का फैसला कर लिया है। माइंस के बंद होने की खबर के बाद अब अंतागढ और भानुप्रतापपुर के कई ट्रक मालिकों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के सदस्यों ने स्थानीय विधायक मनोज मंडावी से मुलाकात की
गौरतलब है कि कई स्थानीय निवासी माइंस के काम के भरोसे लोन पर ट्रक लेकर काम कर रहे थे। ऐसे में अब इनके सामने अब एकाएक मुसीबत खड़ी हो गई है। ट्रक मालिक के साथ-साथ अन्तागढ़ के आस-पास के गांव के ग्रामीण जिन्हें इस माइंस से रोजगार उपलब्ध था, उनके सामने भी अब रोजगार की समस्या खड़ी हो गई है।
निक्को कंपनी ने आरोप लगाया है कि कुछ स्थानीय लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए लौह अयस्क के परिवहन में दिक्कत खड़ी कर रहे हैं जिसके बाद भी हमने काम करना बंद नही किया था। लेकिन मौजूदा हालात में काम करना संभव नही है। इसके चलते 7 मार्च से अनिश्चितकाल के लिए कार्य बंद करने का फैसला किया गया है।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के इकलौते सरकारी डेंटल कॉलेज को पीजी कोर्स के लिए मिली मान्यता, जानिए कितनी सीटों की है अनुमति
लगातार क्षेत्र में कुछ लोगों के द्वारा यहां के माइंस प्रबंधन को परेशान किया जा रहा है। इसके चलते निक्को कंपनी ने माइंस बंद करने के फैसला लिया है। वहीं बजरंग पॉवर माइंस भी लगभग महीने भर से बंद है। इसके चलते क्षेत्र में लोगों को अपनी रोजी-रोटी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है