वीर दास तीसरी बार एमी पुरस्कार के लिए नामित

Ads

वीर दास तीसरी बार एमी पुरस्कार के लिए नामित

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 12:51 AM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 12:51 AM IST

मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) हास्य कलाकार वीर दास को अपने नेटफ्लिक्स विशेष कार्यक्रम ‘वीर दास: फूल वॉल्यूम’ के लिए तीसरी बार अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।

इसके साथ ही दास प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कारों के लिए तीन बार नामित होने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं।

दास को 2021 में ‘वीर दास: फॉर इंडिया’ के लिए हास्य श्रेणी में पहली बार नामित किया गया था। 2023 में ‘वीर दास: लैंडिंग’ के लिए उन्हें दूसरी बार नामित किया गया और उन्होंने इसी श्रेणी में पुरस्कार जीता। वह 2024 में पुरस्कार समारोह की मेजबानी भी कर चुके हैं।

दास ने बुधवार को एक बयान में कहा, “फूल वॉल्यूम के लिए अंतरराष्ट्रीय एमी के लिए नामित होना सुखद और अद्भुत अहसास है। यह कार्यक्रम उस दौर में तैयार हुआ, जब मैंने सचमुच अपनी आवाज खो दी थी। इसलिए खामोशी से शुरू हुई इस यात्रा को इतनी दूर तक पहुंचते देखना अद्भुत है।”

जुलाई 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए ‘फूल वॉल्यूम’ की शूटिंग मुंबई, लंदन और न्यूयॉर्क में हुई है। शूटिंग से ठीक पहले दास की आवाज चली गई थी। आवाज चले जाने के कारण दास को इसे दोबारा लिखकर बिना पूर्व अभ्यास के प्रस्तुत करना पड़ा।

भाषा खारी वैभव

वैभव