सिवनी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को जिले के बरघाट पहुंचे। यहां उन्होंने बालाघाट सिवनी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ढाल सिंह बिसेन के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। अपने चुनावी उद्बोधन में शिवराज ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता से किए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया और झूठी वाह-वाही लूटकर जनता को गुमराह कर रही है।
शिवराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल बाबा हर मंच पर ये कह रहे हैं कि चौकीदार चोर है लेकिन जब कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई तो राहुल गांधी पहले तो कोर्ट में माफी मांगते हैं और फिर एक हठीले बच्चे की तरह फिर मंच से वही दोहराते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय राहुल गांधी ने सभा में दिन गिन कर 10 दिनों के भीतर किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था और कहा था कि यदि किसानों का कर्जा माफ नहीं होगा तो हम मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन प्रदेश में 120 दिन हो जाने के बाद भी अभी तक किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है और अब वे फिर झूठ बोल रहे हैं कि 2 घंटे में किसानों का कर्जा माफ किया जबकि उन्हीं के मुख्यमंत्री कमलनाथ किसानों को मोबाइल में मैसेज भेज कर किसानों का कर्जा चुनाव के बाद माफ करने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि 48 हजार करोड़ का कर्ज माफ होना है और उसमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बजट में सिर्फ 5 हजार करोड़ का प्रावधान किया है और उसमें से 13 सौ करोड़ बैंक को दिए हैं। ऐसे में पैसा ना ढेला बरघाट का मेला की कहावत चरितार्थ हो रही है। बगैर पैसे दिए कैसे कर्ज माफ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल बाबा फिर 72000 रुपए गरीबों को देने की बात कहकर मूर्ख बना रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो उन्होंने विधानसभा चुनाव में वादे किए थे कि 4000 रुपए बेरोजगारी भत्ता, वह तो बेरोजगारों को आज तक मिला नहीं है। युवाओं को बैंड बजाने की ट्रेनिंग दे रहे हैं और ऐसा ना हो कि कल वो बंदर नचाने की भी ट्रेनिंग देने लगें।
यह भी पढ़ें : मोदी के हेलीकॉप्टर जांच कर निलंबन झेल रहे IAS अफसर का छलका दर्द, कहा- नियम से काम किया था, आगे भी करता रहूंगा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश कमलनाथ सरकार पर सिवनी बालाघाट जिले के साथ भेदभाव करने और तबादला उद्योग चलाकर अधिकारियों से पैसा लेकर ट्रांसफर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेसी सत्ता के मद में चूर हैं और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।