टायर फटने से पलटी स्लीपर बस : एक यात्री की मौत, 30 घायल
टायर फटने से पलटी स्लीपर बस : एक यात्री की मौत, 30 घायल
बदायूं (उप्र), 11 मई (भाषा) बदायूं जिले के मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने के कारण एक स्लीपर बस पलट जाने से उस पर सवार एक यात्री की मौत हो गई तथा 30 से अधिक घायल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोमवार को बताया कि 10-11 मई की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर फतेहपुर के खागा से लुधियाना जा रही एक स्लीपर बस का टायर अचानक फट गया और वह तीन-चार बार पलटती हुई डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन तक जा पहुंचीl
उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे गहरी खाई में नहीं गिरी वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मूसाझाग, दातागंज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई और बस के शीशे तोड़कर व सीटें काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में फतेहपुर निवासी अनुज (34) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए जिन्हें आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छह यात्री जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए जिनमें से कुछ को नाजुक हालत के मद्देनजर बरेली रेफर किया गया है।
भाषा सं सलीम वैभव
वैभव

Facebook


