पुरी में जगन्नाथ मंदिर के ऊपर 19 महीनों में 10 बार अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए गए : मंत्री
पुरी में जगन्नाथ मंदिर के ऊपर 19 महीनों में 10 बार अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए गए : मंत्री
भुवनेश्वर, 21 फरवरी (भाषा) ओडिशा विधानसभा को शनिवार को सूचित किया गया कि पिछले 19 महीनों में पुरी में जगन्नाथ मंदिर के ऊपर और आसपास कम से कम 10 बार अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए गए।
राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने यह भी कहा कि भगवान जगन्नाथ के भक्तों ने 14 वर्षों की अवधि में पुरी मंदिर को 304.57 करोड़ रुपये से अधिक का दान दिया है और 44 वर्षों में मंदिर को 58 किलोग्राम से अधिक मिश्रित सोना दान किया है।
बारहवीं शताब्दी का यह मंदिर ओडिशा सरकार के विधि विभाग के अधीन कार्य करता है।
बीजद विधायक पी. के. देब के लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए हरिचंदन ने कहा, ‘जून 2025 से ड्रोन उड़ाए जाने का पता चलने के मद्देनजर पुरी के सिंहद्वार थाने में दस मामले दर्ज किए गए हैं। दो मामलों में अंतिम प्रपत्र जमा कर दिए गए हैं, जबकि शेष आठ मामलों की जांच जारी है।’
पुरी जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मंदिर के ऊपर और आसपास ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है और इसे अपराध माना जाता है।
एक अधिकारी ने बताया कि स्थान की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा मंदिर क्षेत्र को 25 सितंबर 2028 तक ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है।
मंत्री ने कहा कि जून 2024 से अब तक 700 लोग बिना अनुमति के मोबाइल फोन लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश कर चुके हैं।
उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और कैमरे ले जाने पर प्रतिबंध लगाने वाले नियम के उल्लंघन के लिए 6.93 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।’
कानून मंत्री ने बीजद के ध्रुब चरण साहू के एक लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ के भक्तों ने 2011-12 से 2024-25 के बीच मंदिर को 304.57 करोड़ रुपये से अधिक का दान दिया है और 1981-82 से 2024-25 के बीच मंदिर को 58 किलोग्राम से अधिक मिश्रित सोना दान किया है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


