एमईटीए समारोह के दौरान 19 मार्च से 10 नाटकों का होगा मंचन
एमईटीए समारोह के दौरान 19 मार्च से 10 नाटकों का होगा मंचन
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) ‘महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्ड्स’ (एमईटीए) का 21वां संस्करण 19 मार्च से शुरू होगा तथा इस दौरान कमानी सभागार एवं श्री राम सेंटर सभागार में पौराणिक कथाओं, लैंगिक, राजनीति, पहचान और प्रतिरोध जैसे विषयों पर आधारित 10 नाटकों का मंचन किया जाएगा।
महिंद्रा समूह द्वारा शुरू किए गए और ‘टीमवर्क आर्ट्स’ द्वारा प्रस्तुत इस प्रतिष्ठित रंगमंच पुरस्कार एवं महोत्सव के लिए 20 से अधिक राज्यों तथा 60 से अधिक भाषाओं एवं बोलियों के 422 नाटकों ने आवेदन किया था।
अंतिम सूची में शामिल 10 नाटकों को 13 श्रेणियों में नामांकित किया गया है, जिनमें निर्माण, निर्देशन, मंच सज्जा, ध्वनि एवं संगीत संयोजन, प्रकाश संयोजन, परिधान संयोजन, मुख्य भूमिका (पुरुष और महिला) में अभिनेता, सहायक भूमिका (पुरुष और महिला) में अभिनेता, मौलिक पटकथा और नृत्य-रचना शामिल हैं।
रंगमंच महोत्सव का उद्घाटन हिंदी और बुंदेलखंडी नाटक ‘अंबा’ से होगा, जिसका निर्देशन अतुल कुमार और निर्माण ‘डी फॉर ड्रामा’ ने किया है। इस नाटक का कमानी सभागार में मंचन होगा।
पुरस्कार समारोह में हिंदी, मलयालम, बांग्ला, मराठी, संस्कृत, बुंदेलखंडी और अंग्रेजी भाषाओं के नाटक शामिल होंगे।
चयनित अन्य नाटकों में ‘चांदनी रातें’ (हिंदी), ‘धोमी किथा किथा धोमी’ (मलयालम), ‘जे जानलागुलोर आकाश छिलो’ (बांग्ला), ‘कादंबरी’ (हिंदी और बांग्ला) और ‘करुणाष्टके’ (मराठी) शामिल हैं।
इस महोत्सव के दौरान ‘मिथ्यासुर’ (हिंदी और हिंदुस्तानी), ‘समथिंग लाइक ट्रुथ’ (हिंदी और अंग्रेजी), ‘द ओल्ड मैन एंड द सी – कथकली ऑफ मॉरो’ (मलयालम और संस्कृत) और ‘वाई’ (जिब्रिश) का भी मंचन किया जाएगा।
‘टीमवर्क आर्ट्स’ के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय ने कहा कि ये चयनित 10 नाटक देश भर के रंगकर्मियों की असाधारण रचनात्मकता को दर्शाते हैं।
पुरस्कारों के लिए निर्णायक मंडल की घोषणा अभी नहीं हुई है।
पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा 25 मार्च को कमानी सभागार में होने वाले समापन समारोह के दौरान की जाएगी।
भाषा सिम्मी शफीक
शफीक

Facebook


