वियतनाम में नौका दुर्घटना में तमिलनाडु के 10 पर्यटकों की मौत

वियतनाम में नौका दुर्घटना में तमिलनाडु के 10 पर्यटकों की मौत

वियतनाम में नौका दुर्घटना में तमिलनाडु के 10 पर्यटकों की मौत
Modified Date: July 11, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: July 11, 2026 10:31 pm IST

चेन्नई, 11 जुलाई (भाषा) वियतनाम में शनिवार को नाव पलटने से तमिलनाडु के दस पर्यटकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अधिकारियों को उनके शवों को राज्य में लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि वियतनाम में हुई उस दुखद घटना के बारे में जानकर उन्हें बहुत दुख हुआ, जिसमें तमिलनाडु के लोगों समेत कई भारतीय पर्यटकों की जान चली गई।

उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे वियतनाम में नौका दुर्घटना में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के लोगों के पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए भारतीय दूतावास के समन्वय में काम करें।

मुख्यमंत्री विजय ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

पलानी के रहने वाले हादसे में बचे एक पर्यटक निर्मल कुमार ने ‘पीटीआई वीडियो’ को फोन पर बताया कि जिस ‘स्पीडबोट’ से वे यात्रा कर रहे थे, वह कुछ ही सेकंड में पलट गई; बताया जा रहा है कि ऐसा तेज़ लहरों और शायद क्षमता से ज़्यादा लोगों के सवार होने की वजह से हुआ।

नाव पर सवार ज़्यादातर पर्यटक तमिलनाडु से थे और दो लोग गंभीर हालत में अस्पताल में थे।

नाव हादसे में मारे गए अलगुराजन शिवसामी के चाचा ने तिरुचिरापल्ली में पत्रकारों को बताया कि ज़िले के प्रभारी मंत्री एस. रमेश ने उन्हें जानकारी दी है कि पीड़ितों के शवों को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने दुख जताते हुए कहा, “वह बुधवार सुबह ही यहां से यात्रा के लिए गया था।”

इस घटना में मारे गए शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद के एक रिश्तेदार ने पत्रकारों को बताया: “वे (शेख अब्दुल्ला) आम तौर पर टूर पर नहीं जाते थे। वे 54 साल के थे। उन्होंने अपने बेटे को इस टूर पर भेजने के बारे में सोचा था। लेकिन भगवान की मर्जी से, उन्होंने खुद जाने का फैसला किया और यह सब हो गया; यह बिल्कुल अप्रत्याशित है।”

उन्होंने बताया कि अब्दुल्ला बुधवार को विदेश यात्रा के लिए घर से निकले थे और उन्हें 13 जुलाई को तिरुचिरापल्ली लौटना था।

अब्दुल्ला के चचेरे भाई मोहम्मद इस्माइल ने ‘पीटीआई’ को बताया: “हमें यह खबर सीधे नहीं मिली। हमें वहां मौजूद लोगों (जो तमिलनाडु से वियतनाम गए थे) ने इसकी जानकारी दी। वे लावा मोबाइल कंपनी के प्रायोजन पर एक यात्रा पर गए थे।”

लावा मोबाइल्स ने एक बयान में कहा: “हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि आज वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक नाव दुर्घटना में हमारे 14 चैनल पार्टनर और हमारी लावा टीम के एक सदस्य की दुखद मौत हो गई है।”

इसमें आगे कहा गया, “हमारी तत्काल प्राथमिकता प्रभावित हर परिवार की मदद करना है और भारत तथा वियतनाम, दोनों जगहों पर हमारी टीम उनके साथ हैं और हर संभव सहायता पहुंचा रही हैं।”

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में