देश में कोविड-19 के 11,649 नए मामले

Ads

देश में कोविड-19 के 11,649 नए मामले

  •  
  • Publish Date - February 15, 2021 / 04:55 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:34 PM IST

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) भारत में एक दिन में कोविड-19 के 11,649 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,09,16,589 हो गई। वहीं, इस महीने में नौंवी बार संक्रमण से एक दिन में 100 से कम लोगों की मौत हुई।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 90 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,55,732 हो गई।

आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 1,06,21,220 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 97.29 प्रतिशत हो गई। वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.43 प्रतिशत है।

देश में अभी उपचाराधीन लोगों की संख्या डेढ़ लाख से कम है। अभी कुल 1,39,637 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.28 प्रतिशत है।

देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 14 फरवरी तक 20,67,16,634 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 4,86,122 नमूनों का परीक्षण रविवार को किया गया था।

भाषा निहारिका दिलीप

दिलीप