प्रतापगढ़ (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक घर के अंदर फर्श खोलकर दफनाया गया 85 वर्षीय एक व्यक्ति का सड़ा गला शव बरामद किया।
पुलिस ने इस मामले में मृतक के सबसे छोटे बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) आलोक कुमार ने बताया कि महेशगंज थाना क्षेत्र के अथासा गांव के रहने वाले जगदीश द्विवेदी (85) के लापता होने की जांच के दौरान उनके घर के अंदर से उनका शव निकाला गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस के मुताबिक द्विवेदी की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि द्विवेदी के तीन बेटे थे जिनमें से संतोष और अजय दिल्ली में काम करते हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा विजय उनके साथ रहता था।
कुमार के अनुसार पड़ोसियों ने 21 जुलाई को संतोष को बताया कि घर से बदबू आ रही है जिसके बाद संतोष ने अपने पिता और भाई को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि संतोष और अजय गांव लौटे और 22 जुलाई को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और बृहस्पतिवार को जांच के दौरान पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो उसमें तेज दुर्गंध महसूस की गई।
कुमार ने बताया कि एक कमरे के अंदर ताजा खोदी गई जमीन का हिस्सा मिला, जो कब्र जैसा लग रहा था। उन्होंने बताया कि इस जगह की खुदाई करने पर पुलिस को जगदीश द्विवेदी का सड़ा-गला शव मिला जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में द्विवेदी के सबसे छोटे बेटे विजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भाषा सं सलीम रंजन
रंजन