नेपाल और तिब्बत में आई अचानक बाढ़ में कर्नाटक के 13 नागरिक फंसे: मुख्यमंत्री कार्यालय
नेपाल और तिब्बत में आई अचानक बाढ़ में कर्नाटक के 13 नागरिक फंसे: मुख्यमंत्री कार्यालय
बेंगलुरु, 27 अगस्त (भाषा) नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ में कर्नाटक के कम से कम 13 लोग फंसे हुए हैं, जिनमें से 11 बेंगलुरु शहरी जिले के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के कार्यालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नेपाल में कई लोगों की जान लेने और बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित करने वाली इस बाढ़ के बाद राज्य सरकार ने अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बृहस्पतिवार शाम तक नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में फंसे कर्नाटक के 13 निवासियों का ब्योरा जुटा लिया है। फंसे हुए ये लोग उन समूहों का हिस्सा हैं जिनमें अन्य राज्यों के नागरिक भी शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘इनमें से 11 लोग बेंगलुरु शहरी जिले से, एक मैसूरु जिले से और एक धारवाड़ जिले से है। फंसे हुए अधिकतर लोग नेपाल के रसुवा जिले के तिमुरे में हैं, जबकि कुछ तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के दारचेन में स्थित हैं।’
एसईओसी और ‘कर्नाटक भवन’ (नयी दिल्ली) के स्थानीय आयुक्त का कार्यालय विदेश मंत्रालय के त्वरित प्रतिक्रिया प्रकोष्ठ तथा काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार जानकारी साझा कर रहा है।
बयान के मुताबिक, सहायता, बचाव और कर्नाटक के निवासियों की सुरक्षित वापसी के लिए यह जानकारी गृह मंत्रालय के एकीकृत नियंत्रण कक्ष को भी भेज दी गई है।
राज्य सरकार ने फंसे हुए लोगों, उनके रिश्तेदारों और ‘टूर ऑपरेटरों’ से एक ‘गूगल फॉर्म’ के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य चलाया जा सके।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


