जम्मू और राजौरी में नदियों में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
जम्मू और राजौरी में नदियों में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू और राजौरी जिलों के विभिन्न हिस्सों में उफान पर आई नदियों में फंसे कम से कम 14 लोगों को पुलिस, सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के संयुक्त अभियान में रविवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कई घंटे के समन्वित अभियान में पुलिस और एसडीआरएफ ने जम्मू में पीर खो मंदिर के निकट तवी नदी में फंसे तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण तीनों नदी के बीच फंस गए थे।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि नदी में नहाने गए तीन युवक जल स्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाने के कारण नदी से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
अधिकारी के अनुसार, जम्मू शहर के रणदीप सिंह और मुनीश शर्मा तथा बिहार निवासी उनके मित्र विकास कुमार को सकुशल निकाल लिया गया।
एक अन्य बचाव अभियान में सेना के जवानों ने पुलिस और एसडीआरएफ के साथ मिलकर राजौरी जिले के धनगरी क्षेत्र में बाढ़ से उफनाई धनगरी नदी में फंसे दो लड़कों तथा थानामंडी क्षेत्र में फंसे नौ अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने बताया कि रविवार तड़के राजौरी शहर में अचानक आई बाढ़ के बाद उसके जवानों ने एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कई बचाव अभियान में सहयोग किया।
इसने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच जवानों ने पांच बच्चों सहित 11 लोगों को सुरक्षित निकाला। इनमें थानामंडी के दक्षिण में चूरुंग गांव के पास नाले के दूसरी ओर फंसे नौ लोग और धनगरी के निकट नौशहरा तवी नदी के बीच स्थित टिले पर फंसे दो युवक शामिल हैं।’’
भाषा खारी सुभाष
सुभाष

Facebook


