चेन्नई, 24 सितंबर (भाषा) इंजन में खराबी के कारण मंगलवार रात चेन्नई में आपात स्थिति में उतरे विमानन कंपनी वियतजेट के विमान में सवार 142 यात्रियों ने अगले दिन वैकल्पिक विमान से कोलंबों की अपनी यात्रा दोबारा शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि हो ची मिन्ह सिटी से कोलंबो जा रही वियतजेट की उड़ान में इंजन खराबी की सूचना के बाद उसे चेन्नई की ओर मोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 22 सितंबर को रात 9 बजकर 55 मिनट पर हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई और आपात योजना के तहत सभी आवश्यक कदम उठाए गए।
विमान रात 10 बजकर 27 मिनट पर सुरक्षित उतर गया और निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचा।
सभी 142 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलकर टर्मिनल के अंदर संबंधित एयरलाइन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद वियतजेट एयरलाइंस ने हो ची मिन्ह सिटी से एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।
उन्होंने बताया कि यह वैकल्पिक विमान 23 सितंबर को रात 8 बजकर 22 मिनट पर चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचा और रात 10 बजकर 23 मिनट पर फंसे हुए यात्रियों को लेकर कोलंबो के लिए रवाना हुआ।
आपात लैंडिंग करने वाले वियतजेट विमान को तकनीकी कारणों से ‘एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड’ (एओजी) घोषित कर दिया गया है और फिलहाल उसे चेन्नई हवाई अड्डे के रिमोट एप्रन में खड़ा किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जरूरी मरम्मत और अनिवार्य तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।’’
भाषा रंजन पवनेश
पवनेश