भुवनेश्वर के कपड़ा बाजार में आग लगने से 15 दुकानें जलकर खाक हुईं

Ads

भुवनेश्वर के कपड़ा बाजार में आग लगने से 15 दुकानें जलकर खाक हुईं

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 12:14 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 12:14 PM IST

भुवनेश्वर, 30 जून (भाषा) भुवनेश्वर में ‘यूनी-2 मार्केट बिल्डिंग’ में मंगलवार सुबह लगी भीषण आग से कपड़ों की लगभग 15 दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब छह बजे मिली और यह तेजी से फैल गई क्योंकि दुकानें एक दूसरे से सटी हुई हैं तथा उनमें रेशमी कपड़े समेत अत्यधिक ज्वलनशील सामान भरा हुआ था।

उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां भेजी गईं और चार घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सहायक दमकल अधिकारी मनोज कुमार राउत ने कहा, ‘‘आग बुझाने के साथ-साथ हमारी प्राथमिकता यह थी कि आग आस-पास की दुकानों तक न फैले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि अधिकतर दुकानें बंद थीं इसलिए अभियान शुरू करने से पहले दमकलकर्मियों ने शटर खोलने के लिए ‘हाइड्रोलिक स्प्रेड कटर’ का इस्तेमाल किया।’’

दुकानदार प्रमोद कुमार साहू के मुताबिक सोमवार को बाजार बंद था।

एक और दुकानदार ने कहा, ‘‘हम पुरुषों के लिए रेडीमेड कपड़े और शादी-ब्याह के लिए शेरवानी बेचते हैं। मुझे सुबह करीब साढ़े सात बजे आग लगने की सूचना मिली लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।’’

अधिकारियों ने बताया कि आशंका है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव