दिल्ली में होली पर 15,000 पुलिसकर्मी तैनात होंगे; नशे में गाड़ी चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
दिल्ली में होली पर 15,000 पुलिसकर्मी तैनात होंगे; नशे में गाड़ी चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) होली समारोह के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को दिल्ली में 15,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा और शराब पीकर गाड़ी चलाने तथा मोटरसाइकिल से ‘स्टंट’ रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार रंगों का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से मनाया जाए, इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में टीमें तैनात की जाएंगी।
जिला पुलिस, यातायात कर्मियों और पीसीआर इकाइयों सहित पुलिसकर्मी पूरे शहर में गहन गश्त करेंगे। शराब पीकर या लापरवाही से वाहन चलाने और मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करने पर अंकुश के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख सड़कों पर नाके लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘ब्रेथ एनालाइजर’ और गति जांच मीटर से लैस यातायात पुलिसकर्मियों की टीमें दिन भर जांच करेंगी ताकि शराब के नशे में गाड़ी चलाने वालों की पहचान की जा सके और उन पर कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “दोपहिया वाहनों पर तीन लोगों को बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने और स्टंट करने पर भी कार्रवाई की जाएगी। पीसीआर कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।”
उन्होंने कहा कि उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस होली के अवसर पर दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती है। अधिकारी ने कहा, ‘हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे इस त्योहार को सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक मनाएं।’
पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक व्यवस्था का सम्मान करने, जबरदस्ती रंग लगाने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव नहीं करने की अपील की है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


