बंगाल के मुख्यमंत्री ने दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार के नाम पर फिल्म केंद्र की आधारशिला रखी
बंगाल के मुख्यमंत्री ने दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार के नाम पर फिल्म केंद्र की आधारशिला रखी
कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को यहां न्यू टाउन इलाके में इको पार्क के पास उत्तम कुमार फिल्म केंद्र की आधारशिला रखी।
यह महान बंगाली अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती के उपलक्ष्य में सालभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा है।
राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस फिल्म केंद्र में 750-750 सीट की क्षमता वाले दो सिनेमाघर और 1,000 सीट वाला एक अन्य सिनेमाघर होगा। इसके अलावा यहां एनीमेशन और दृश्य प्रभाव (वीएफएक्स) के लिए प्रयोगशालाएं और स्टूडियो तथा फिल्म के बाद के निर्माण कार्यों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अधिकारी ने कहा कि परियोजना के लिए मिट्टी की जांच पहले ही पूरी हो चुकी है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य मानसून के बाद शुरू होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत जन्माष्टमी की शुभकामनाओं के साथ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तम कुमार की जन्मशती के आयोजन में सांस्कृतिक जगत से जुड़े विभिन्न वर्गों के लोग भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम उन्हें प्यार करते हैं। इस प्यार में कोई भेद या राजनीतिक रंग नहीं है। हर कोई महानायक से प्यार करता है और उन पर गर्व करता है।’’
अधिकारी ने कहा कि ये आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के सहयोग से किए जा रहे हैं।
भूमि पूजन समारोह में दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और रंजीत मलिक शामिल हुए जबकि अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी और जीशु सेनगुप्ता भी मौजूद रहे।
समारोह में शामिल कलाकारों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने रंजीत मलिक के सहयोग के लिए उनका आभार जताया और कहा कि मिथुन चक्रवर्ती को जल्द ही सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त किया जाएगा।
भाषा शोभना नरेश
नरेश

Facebook


