हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 156 सड़कें बंद

Ads

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 156 सड़कें बंद

  •  
  • Publish Date - September 14, 2024 / 07:14 PM IST,
    Updated On - September 14, 2024 / 07:14 PM IST

शिमला, 14 सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने के कारण शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 5 (हिंदुस्तान-तिब्बत रोड) सहित कुल 156 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार शाम से राज्य के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश जारी है और कटौला में सर्वाधिक 78.5 (मिलीमीटर) मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने कहा कि इस अवधि के दौरान पालमपुर में 68 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं बैजनाथ में 60 मिमी, मंडी में 58.4 मिमी, गुलेर में 56.4 मिमी, धर्मशाला में 53 मिमी, कुफरी में 51.4 मिमी, शिमला और जोगिंदरनगर में 50 मिमी, नैना देवी में 48.6 मिमी, कांगड़ा में 46.6 मिमी, नगरोटा सूरियां में 46 मिमी बारिश दर्ज की गई।

किन्नौर जिले में, मल्लिंग नाला में भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पांच (हिंदुस्तान-तिब्बत रोड) को बंद कर दिया गया।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण शिमला में 94 सड़कें, मंडी में 46, कांगड़ा में 10, कुल्लू में तीन और बिलासपुर, किन्नौर और सिरमौर जिलों में एक-एक सड़क बंद है।

एसईओसी ने बताया कि राज्य में बारिश के कारण बिजली और जलापूर्ति की 383 योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

हिमाचल में 27 जून को मानसून के आगमन के बाद से अब तक राज्य में 561.8 मिमी बारिश हुई है, जो 686.5 मिमी औसत वर्षा के मुकाबले 18 प्रतिशत कम है।

अधिकारियों के अनुसार, 27 जून से शुक्रवार तक मानसून के दौरान वर्षाजनित घटनाओं में 168 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 लोग अभी भी लापता बताये जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बारिश के कारण राज्य को 1,324 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भाषा योगेश सुभाष

सुभाष