कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने बृहस्पतिवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय को बताया कि राज्य के विभिन्न थानों में अलग-अलग मामलों में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ 16 प्राथमिकी दर्ज हैं।
उच्च न्यायालय ने 30 जून को भवानीपुर, बिष्णुपुर और कालीतला थानों में दर्ज तीन प्राथमिकियों के संबंध में बनर्जी के खिलाफ पुलिस की किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी थी।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को उस तारीख तक याचिकाकर्ता के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
राज्य सरकार की ओर से अदालत में प्राथमिकी के विवरण वाली सूची पेश की गई, जिसके बाद इसे बनर्जी के वकील को सौंप दिया गया।
तृणमूल सांसद बनर्जी के वकील ने अदालत को बताया कि सूची के अनुसार, बनर्जी के खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग मामलों में 16 प्राथमिकी दर्ज हैं।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने बनर्जी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने के अनुरोध वाली उनकी याचिका पर सुनवाई 11 अगस्त को निर्धारित की।
तृणमूल सांसद बनर्जी ने दावा किया है कि ये प्राथमिकी राजनीतिक प्रतिशोध के चलते दर्ज की गई हैं।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल