सोनीपत, 21 सितंबर (भाषा) हरियाणा में सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में सोमवार को अदालत की सुनवाई से लौट रहे चार लोगों की बुलेटप्रूफ कार पर हथियारबंद हमलावरों ने गोलियां चलाईं, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गोहाना के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जितेंद्र गहलावत ने बताया कि बरौटा गांव निवासी रविंदर और तीन अन्य लोग भूमि विवाद से जुड़े एक दीवानी मामले में अदालत में सुनवाई के बाद स्कॉर्पियो से लौट रहे थे।
रविंदर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावरों की उससे पुरानी रंजिश थी और वे दो वाहनों में सवार होकर आए थे।
डीसीपी ने पत्रकारों को बताया कि हमलावरों ने वाहन को बीच रास्ते में रोक लिया और उस पर गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि वाहन के बुलेटप्रूफ होने के कारण उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
अधिकारी ने बताया कि छह हमलावरों की पहचान कर ली गई है, जबकि मामले में 10-12 अन्य आरोपी भी शामिल हैं।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीम गठित की गई हैं।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल