जम्मू, 17 जुलाई (भाषा) जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से शुक्रवार तड़के वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 4,640 श्रद्धालुओं का एक नया जत्था रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 3.45 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 171 वाहनों के काफिले में रवाना हुए 16वें जत्थे में 1,626 श्रद्धालु मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित छोटे बालटाल मार्ग से, जबकि 3,014 श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, बालटाल मार्ग पर जाने वाला काफिला रात 2:42 बजे आधार शिविर से रवाना हुआ, जबकि पहलगाम मार्ग का काफिला इसके बाद रात 3:11 बजे निकला।
अधिकारियों ने बताया कि जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कुल 1,09,128 श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हो चुके हैं।
वार्षिक अमरनाथ यात्रा बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा के दोनों मार्गों पर व्यापक सुरक्षा बलों की तैनाती की है।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत