दिल्ली में 1700 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए; एएनटीएफ थाना बनाए जाने की घोषणा
दिल्ली में 1700 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए; एएनटीएफ थाना बनाए जाने की घोषणा
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को लगभग 72 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त किए गए 1,700 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया और राजधानी में पहला समर्पित स्वापक रोधी कार्यबल थाना स्थापित करने की घोषणा की।
अधिकारियों ने बताया कि नौवें ‘मेगा ड्रग डिस्ट्रॉयमेंट’ कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में उत्तरी दिल्ली के एक अपशिष्ट निपटान केंद्र में किया।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान दिल्ली पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने की’ नीति और राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय मादक पदार्थों के तस्करों, विक्रेताओं और संगठित गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई का हिस्सा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नष्ट किए गए प्रतिबंधित पदार्थों में लगभग 1,610 किलोग्राम गांजा, 21 किलोग्राम चरस, 11 किलोग्राम हेरोइन, 591 ग्राम कोकीन, और 30 किलोग्राम अल्प्राज़ोलम की गोलियां शामिल थीं, जिन्हें अपराध शाखा और दक्षिण जिला पुलिस इकाइयों ने जब्त किया था।
उपराज्यपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट करने को लेकर ही नहीं है, बल्कि यह तस्करों के उस तंत्र को खत्म करने के बारे में भी है, जो युवाओं के लिए खतरा पैदा करता है और समाज को नुकसान पहुंचाता है।
उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के दृष्टिकोण और देश भर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के केंद्र सरकार के संकल्प को दर्शाती है।
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा-विरोधी अभियानों की भी सराहना की और नागरिकों तथा सभी हितधारकों से मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ मुहिम में शामिल होने का आह्वान किया।
अधिकारी ने कहा, ‘नशीले पदार्थों को नष्ट करने के मंगलवार को चलाए गए अभियान के साथ, दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित 13,830 करोड़ रुपये मूल्य के लगभग 46,500 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है।’
पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में कई बार नशीले पदार्थों को नष्ट करने के अभियान चलाए हैं। इसने जून 2023 में 15,700 किलोग्राम से अधिक और फरवरी 2024 और दिसंबर 2024 में 10,600 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थों को नष्ट किया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसने मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ वित्तीय जांच तेज कर दी है और इस साल 11.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल 30 अप्रैल तक दिल्ली में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 1,129 मामले दर्ज किए गए और 1,397 मादक पदार्थों के कथित तस्करों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने यह भी कहा कि स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण (पीआईटीएनडीपीएस) अधिनियम के तहत नौ कथित तस्करों के खिलाफ हिरासत आदेश जारी किए गए हैं।
यह कार्यक्रम जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित बायोटिक वेस्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड में आयोजित किया गया था और मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


