एटा में रोडवेज की बस पलटी, 18 यात्री घायल

एटा में रोडवेज की बस पलटी, 18 यात्री घायल

एटा में रोडवेज की बस पलटी, 18 यात्री घायल
Modified Date: February 8, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: February 8, 2026 10:13 pm IST

एटा (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) एटा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में कासगंज मार्ग पर रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 18 यात्री घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक बरेली से करीब 50 यात्रियों को लेकर एटा आ रही रोडवेज की बस शहर कोतवाली क्षेत्र में कासगंज मार्ग पर एक कार को बचाने के प्रयास में पुलिस चौकी के नजदीक मोड़ पर अनियंत्रित हो गयी और डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर पलट गई।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में बस सवार 18 यात्री जख्मी हो गए और कई यात्रियों को पिछले हिस्से से निकाला गया।

उसने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज व निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकांश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गये और उनकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं. सलीम धीरज

धीरज


लेखक के बारे में