सहजीवन साथी ने 19 वर्षीय छात्रा को पीटा, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती

सहजीवन साथी ने 19 वर्षीय छात्रा को पीटा, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती

सहजीवन साथी ने 19 वर्षीय छात्रा को पीटा, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती
Modified Date: February 20, 2026 / 01:01 pm IST
Published Date: February 20, 2026 1:01 pm IST

गुरुग्राम, 20 फरवरी (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा को उसके सह-जीवन साथी ने कथित रूप से बेरहमी से पीटा जिसके बाद उसे गंभीर हालत में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान दिल्ली निवासी शिवम (19) के रूप में हुई है।

पीड़िता उत्तरी त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम के जीडी गोयनका विश्वविद्यालय में जैव प्रौद्योगिकी की छात्रा है।

पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी और वे पिछले कुछ महीनों से सेक्टर 69 स्थित एक पीजी आवास में साथ रह रहे थे। उनके विवाह को लेकर परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी।

बृहस्पतिवार रात को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने युवती पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बृहस्पतिवार देर रात युवती की मां की सूचना पर पुलिस पीजी पहुंची और युवती को निकाला।

पुलिस उपायुक्त हितेश यादव ने बताया, “आरोपी ने कथित तौर पर क्रोधित होकर पीड़िता पर बेरहमी से हमला किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी को अपनी सह-जीवन साथी के चरित्र पर संदेह था। आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हमने घटनास्थल से सबूत भी जुटा लिए हैं और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि बादशाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा तान्या नोमान

नोमान


लेखक के बारे में