बीड में टायर फटने से बस पलटी, 20 यात्री घायल

बीड में टायर फटने से बस पलटी, 20 यात्री घायल

बीड में टायर फटने से बस पलटी, 20 यात्री घायल
Modified Date: March 16, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: March 16, 2026 6:35 pm IST

बीड, 16 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में सोमवार तड़के टायर फटने से एक निजी पर्यटक बस पलट गयी और उसमें आग लग गयी जिससे 20 यात्री घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना तड़के करीब 2:30 बजे मंजरसुम्बा-अंबाजोगाई रोड पर सुरानी के पास हुई, जो जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने बताया कि 28 यात्रियों को लेकर बस जलगांव से लातूर जा रही थी। एक मोड़ पर बस का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा।

अधिकारी ने कहा कि उसी समय वहां से गुजर रही एक दूसरी बस के यात्रियों ने दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और इसके कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई।

पुलिस के अनुसार, घायल 20 यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सा अधिकारी डॉ अवेज़ शेख ने बताया कि बाद में 11 घायलों को स्वामी रामानंद तीर्थ सरकारी ग्रामीण अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया गया, जबकि नौ अन्य को लातूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि आग लगने से यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया और आग पास के एक खेत तक फैल गई, जिससे आम, जामुन, इमली, बेर और नींबू के पेड़ नष्ट हो गए।

घायलों में तीन महीने का एक बच्चा भी शामिल है।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में