पुराना किला का दरारों से भरा बुर्ज ‘असुरक्षित’ घोषित; एएसआइ ने जीर्णोद्धार योजना को दी मंजूरी
पुराना किला का दरारों से भरा बुर्ज 'असुरक्षित' घोषित; एएसआइ ने जीर्णोद्धार योजना को दी मंजूरी
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) यहां 16वीं शताब्दी के पुराना किला का उत्तरी बुर्ज क्षतिग्रस्त हो गया है और इसमें गहरी दरारें आ गई हैं। मानसूनी बारिश के कारण इसकी स्थिति बिगड़ रही है, जिसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ‘गंभीर और असुरक्षित’ घोषित करते हुए इसके जीर्णोद्धार (मरम्मत और संरक्षण) का काम शुरू कर दिया है।
प्रभावित ढांचे की पहचान ‘उत्तर-पश्चिम बुर्ज संख्या 3’ के रूप में की गई है, जो किले की कृत्रिम झील की ओर स्थित है।
एएसआई ने कहा कि इसकी पत्थर की दीवारों और फर्श पर लंबी दरारें दिखाई देने लगी हैं, जबकि अंदर और बाहर नया मलबा बिखरा हुआ देखा जा सकता है, जो लगातार हो रहे नुकसान को दर्शाता है।
एजेंसी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बारिश के पानी के रिसाव को रोकने के लिए क्षतिग्रस्त बुर्ज को तिरपाल से ढक दिया गया है। ढांचे के पास अस्थायी मचान बनाए गए हैं और प्रभावित हिस्से में लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है।
एहतियात के तौर पर क्षतिग्रस्त बुर्ज की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए गए हैं। पुराना किला के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘सभ्यता फाउंडेशन’ को निर्देश दिए गए हैं कि वह यह सुनिश्चित करे कि पर्यटक प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करें और सुरक्षा के सभी उपाय लागू रहें।
एएसआई के अनुसार, बुर्ज के आपातकालीन संरक्षण और जीर्णोद्धार को तीन अगस्त को सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी दे दी गई थी। जीर्णोद्धार कार्य शुरू होने से पहले निविदा प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं फिलहाल जारी हैं।
भाषा
सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


