बंगाल में 2021 की हिंसा: सीबीआई ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

Ads

बंगाल में 2021 की हिंसा: सीबीआई ने भाजपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 08:30 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता माणिक मित्रा की हत्या और 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में एक फरार आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी श्यामलाल बर्मन कथित तौर पर लगभग पांच साल से उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में छिपा हुआ था, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था और वह कभी भी जांच या मुकदमे में शामिल नहीं हुआ। सीबीआई ने उसे पकड़ने के लिए 50,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी।’’

सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 2021 में यह मामला दर्ज किया था और कूच बिहार के शीतलकुची पुलिस थाने से मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।

जांच के बाद, सीबीआई ने 27 सितंबर 2021 को छह आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

बयान में कहा गया है कि आगे की जांच के बाद, 26 अप्रैल और 11 अगस्त 2022 को 18 और आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया।

दो मई 2021 को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद, पश्चिम बंगाल में हिंसा की यह घटना हुई थी। उस चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की थी।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश