जम्मू में बस खाई में गिरी, 21 यात्रियों की मौत; 47 अन्य घायल
जम्मू में बस खाई में गिरी, 21 यात्रियों की मौत; 47 अन्य घायल
(तस्वीर के साथ)
जम्मू, 30 मई (भाषा) जिले में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस के सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से 21 यात्रियों की मौत हो गयी और 47 घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जम्मू एवं कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया।
इसके साथ ही एलजी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को 50,000-50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के चौकी चोरा क्षेत्र के टुंगी मोड़ पर हुई। उन्होंने बताया कि बस करीब 150 फुट गहरी खाई में गिर गई।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना अपराह्न 12 बजकर 35 मिनट की है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण नंबर यूपी81सीटी-4058 वाली बस के खाई में गिरने से 21 यात्रियों की मौत हो गई और 47 घायल हो गये।
बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के पौनी इलाके में शिवखोड़ी जा रही थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शवों को अखनूर में उप जिला अस्पताल में भिजवा दिया है। उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों में से सात को अखनूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 40 को जम्मू में राजकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में मरीजों को अखनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि बाद में उनमें से 36 को एंबुलेंस में जीएमसी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जिनमें से छह की हालत गंभीर है।
अस्पताल के प्राचार्य डॉ. आशुतोष गुप्ता ने कहा, ‘‘36 से अधिक यात्रियों को जीएमसी अस्पताल में लाया गया है। उनमें से छह की हालत गंभीर है। मरीजों को समय पर उपचार दिया जा रहा है।’’
अखनूर के अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने कहा, ‘‘एक कार विपरीत दिशा से आ रही थी। चालक बस को एक तीखे मोड़ से निकाल रहा था, लेकिन वह विफल रहा, जिसके चलते वाहन खाई में गिर गया।’’
घटना में घायल हुए लोगों ने बताया कि वे शिवखोड़ी की तीर्थयात्रा के लिए आए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यातायात) फैजल कुरैशी, परिवहन आयुक्त सहित अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का निरीक्षण किया।
एसएसपी और जम्मू के उपायुक्त घायलों का हालचाल जानने के लिए जीएमसी अस्पताल पहुंचे।
उपराज्यपाल ने इस दुखद दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।
सिन्हा ने अपने संदेश में कहा, ‘‘अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। मैं इस दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करता हूं तथा ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ’’
उन्होंने यह भी लिखा, ‘‘ प्रशासन शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है और घायलों को चिकित्सा सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है।’’
भाषा
खारी दिलीप
दिलीप

Facebook


