शिअद ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन किया

शिअद ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन किया

शिअद ने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन किया
Modified Date: August 8, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: August 8, 2026 5:27 pm IST

चंडीगढ़, आठ अगस्त (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने शनिवार को चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के प्रति समर्थन जताया।

शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं की गरिमा, समानता और समान अधिकारों का समर्थन किया।”

उन्होंने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने “अपनी सभा में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था करके पहले ही एक मिसाल कायम की है।”

सुखबीर ने लिखा कि संसद में लंबित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के बाद शिरोमणि अकाली दल भी एक निष्पक्ष और न्यायपूर्ण परिसीमन की मांग करता है, जो सभी राज्यों के लिए समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा, “शिरोमणि अकाली दल भारत सरकार की ओर से संसद में पेश उस प्रस्ताव का समर्थन करता है, जिसमें सभी राज्यों की सीटों में एक समान 50 फीसदी की बढ़ोतरी की बात कही गई है।”

सुखबीर ने कहा, “पार्टी इस बात पर जोर देती है कि महिलाओं के लिए आरक्षण और परिसीमन का काम तुरंत किया जाना चाहिए।”

केंद्र सरकार संसद के मौजूदा मानसून सत्र में उस संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए विपक्षी नेताओं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों से नये सिरे से संपर्क कर रही है, जिसमें 2029 में विधायिका में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने का प्रावधान किया गया है।

इस विधेयक को पिछले सत्र में संसद की मंजूरी नहीं मिली थी।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में