दिल्ली में वाहनों की भिड़ंत में 70 वर्षीय महिला की मौत

दिल्ली में वाहनों की भिड़ंत में 70 वर्षीय महिला की मौत

दिल्ली में वाहनों की भिड़ंत में 70 वर्षीय महिला की मौत
Modified Date: August 8, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: August 8, 2026 5:07 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार सुबह दो कारों की भिड़ंत के दौरान बीच में आ जाने से 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

शुरुआती जांच के मुताबिक, मामुरपुर इलाके में हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने सुबह आठ बजे मर्सिडीज और मारुति वैगन-आर के बीच भिड़ंत हुई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि वैगन-आर पीछे की तरफ उछल गई और पास में खड़े एक तीन पहिया मालवाहक वाहन से जा टकराई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय मामुरपुर निवासी उर्मिला मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने कहा, ‘वह दोनों वाहनों के बीच फंस गईं और गंभीर रूप से घायल होने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।’

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में वैगन आर चालक को मामूली चोटें आईं और उसे इलाज उपलब्ध कराया गया। अभी तक किसी अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद नरेला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उसने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा भिड़ंत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नरेला थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में