नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि शहर के तीन भराव (लैंडफिल) स्थलों से करीब 2.16 करोड़ टन ठोस अपशिष्ट हटाया गया है और पुराने जमा कचरे को हटाकर 100 एकड़ जमीन को दोबारा उपयोग के लिए तैयार किया गया है।
गुप्ता ने बताया कि इसमें से करीब 70 लाख टन कचरे को ओखला लैंडफिल स्थल पर संसाधित किया गया, जिससे 35 एकड़ जमीन खाली हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भलस्वा में करीब 102 लाख टन कचरे को संसाधित कर 45 एकड़ जमीन को मुक्त कराया गया, जबकि गाजीपुर में 44 लाख टन कचरे को संसाधित कर 20 एकड़ जमीन खाली कराई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कचरे के प्रसंस्करण से निकलने वाली बेकार सामग्री का इस्तेमाल सड़कों के निर्माण और निचले इलाकों को भरने में किया जा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के कचरा निपटान उपाय केवल पुराने जमा कचरे को हटाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश