बेंगलुरु, आठ सितंबर (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि दूसरे चरण के निरीक्षण में 25 और तालुकाएं सूखा प्रभावित घोषित किए जाने के योग्य मिली हैं और जल्द ही इन्हें सूखाग्रत घोषित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति का आकलन कई चरण में किया जा रहा है और पहले चरण में 101 तालुकाओं को सूखा प्रभावित घोषित किया जा चुका है।
राजस्व विभाग का प्रभार भी संभाल रहे परमेश्वर ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सूखा प्रभावित क्षेत्रों की घोषणा करने में कोई देरी नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक मानसून और मानसून-बाद होने वाली बारिश, दोनों में कमी रहेगी, तब तक सूखे की स्थिति का आकलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, “पिछली बार करीब 200 तालुकाओं को सूखा प्रभावित घोषित किया गया था। इस साल भी ऐसी संभावना है कि 200 से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किया जा सकता है।”
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश