जीटीबी अस्पताल में 244 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 250 बिस्तर वाला ट्रॉमा ब्लॉक
जीटीबी अस्पताल में 244 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 250 बिस्तर वाला ट्रॉमा ब्लॉक
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार ने दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में 250 बिस्तर के सुपर-स्पेशियलिटी ट्रॉमा ब्लॉक के निर्माण को मंजूरी दे दी है ताकि दुर्घटना और गंभीर मरीजों को चौबीसों घंटे उपचार की सुविधा मिलती रहे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में जीटीबी अस्पताल परिसर में 244.87 करोड़ रुपये की लागत से इस ट्रॉमा ब्लॉक को बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इसमें कहा गया है कि यह ट्रॉमा ब्लॉक प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) फेज-4 के अंतर्गत बनेगा।
गुप्ता ने कहा कि पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जीटीबी में मरीजों का भारी दबाव रहता है और ऐसे में दुर्घटनाओं और गंभीर आपातकालीन मामलों के लिए आधुनिक ट्रॉमा सुविधाओं का विस्तार जरूरी था।
उन्होंने कहा कि नए ब्लॉक के शुरू होने से गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा, जांच, सर्जरी और गहन चिकित्सा की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेगी।
बयान में कहा गया है कि करीब 22,550 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह ब्लॉक सात मंजिला होगा, जिसमें भूमिगत तल,भूतल और उसके ऊपर छह मंजिलें होंगी।
इसके मुताबिक, ट्रॉमा ब्लॉक में 250 बिस्तर, 48 विशेषज्ञ ओपीडी कमरे और नौ आधुनिक ऑपरेशन थिएटर होंगे।
बयान में कहा गया है, “भूमिगत तल में ब्लड बैंक और प्रयोगशाला की व्यवस्था होगी। भूतल पर पर 24×7 आपातकालीन सेवा के साथ सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दूसरी मंजिल पर 72 बिस्तर का आईसीयू होगा, जबकि चौथी और पांचवीं मंजिल पर 175 सामान्य व निजी वार्ड बिस्तर होंगे।”
इसके मुताबिक, ब्लॉक में न्यूरो, हड्डी, त्वचा और दंत चिकित्सा सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों के लिए गहन चिकित्सा कक्ष में कुल 77 बिस्तर की सुविधा होगी।
बयान में कहा गया है कि परियोजना की निगरानी के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति हर तीन महीने में बैठक कर निर्माण कार्य में हुई प्रगति की समीक्षा करेगी। ब्लॉक को 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


