मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे भाजपा अध्यक्ष नवीन

मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे भाजपा अध्यक्ष नवीन

मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे भाजपा अध्यक्ष नवीन
Modified Date: September 16, 2026 / 05:55 pm IST
Published Date: September 16, 2026 5:55 pm IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और 25 वर्षों की उनकी समर्पित सार्वजनिक सेवा के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को उज्जैन के रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे।

नवीन मध्यप्रदेश की दो दिन की यात्रा पर इंदौर में ‘स्वामित्व योजना’ के तहत एक बड़े राज्यव्यापी लोक कल्याण अभियान की भी शुरुआत करेंगे।

भाजपा गुजरात के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बृहस्पतिवार को उनके जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के साथ पूरे देश में एक महीने चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेगी।

भाजपा मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में भी मनाएगी और देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पार्टी ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल से मध्यप्रदेश (इंदौर और उज्जैन) का महत्वपूर्ण दो-दिवसीय दौरा करेंगे।’’

उसने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बेजोड़ सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उज्जैन में मोक्षदायिनी मां क्षिप्रा के रामघाट पर कल शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे और पूरे देश की ओर से प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सतत मार्गदर्शन के लिए प्रार्थना करेंगे।’’

भाजपा ने कहा कि नवीन इंदौर में ‘स्वामित्व योजना’ के तहत एक बड़ा राज्यव्यापी लोक कल्याण अभियान भी शुरू करेंगे।

पार्टी ने कहा, ‘‘अपराह्न 2.55 बजे गांधी नगर मैदान में वह ‘स्वामित्व योजना’ के तहत आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे और नई राज्यव्यापी पंजीकरण प्रक्रिया का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।’’

भाजपा के बयान के अनुसार, ‘‘नवीन शुक्रवार को महाकालेश्वर मंदिर में देवाधिदेव महादेव की अत्यंत पवित्र ‘भस्म आरती’ के साक्षी बनेंगे और पारंपरिक पूजा-अर्चना करेंगे, तथा देश की शांति, समृद्धि और परम वैभव के लिए प्रार्थना करेंगे।’’

भाषा

वैभव सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में