नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को कहा कि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन में 26 अभ्यर्थियों ने ‘परफेक्ट 100 एनटीए स्कोर’ प्राप्त किए हैं।
वर्ष 2025 में 24 अभ्यर्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
जनवरी में आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले संस्करण में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जबकि अप्रैल में आयोजित दूसरे संस्करण में 10 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए। दोनों सत्रों में आठ लाख से अधिक सामान्य अभ्यर्थी शामिल हुए।
जिन अभ्यर्थियों ने ‘100 एनटीए स्कोर’ प्राप्त किए हैं, उनमें से पांच-पांच आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से हैं, उसके बाद चार राजस्थान से, तीन दिल्ली से और दो-दो महाराष्ट्र और हरियाणा से हैं।
चंडीगढ़, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा और गुजरात से एक-एक अभ्यर्थी ने यह उपलब्धि हासिल की है। सभी 26 अभ्यर्थी पुरुष हैं।
अधिकारियों के अनुसार, एनटीए स्कोर प्राप्त अंकों का प्रतिशत नहीं है, बल्कि मानकीकृत स्कोर है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘एनटीए स्कोर विभिन्न पालियों के परीक्षार्थियों के मानकीकृत स्कोर हैं और एक पाली में परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित हैं। प्रत्येक पाली के परीक्षार्थियों के लिए प्राप्त स्कोर को 100 से 0 के पैमाने में परिवर्तित किया जाता है।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप